मेरठ: कैसरगंज इलाके में निर्माणाधीन मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच मेरठ पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इलाके में किसी भी तरह की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि फिलहाल किसी भी तरह के धार्मिक आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है और बिना अनुमति कार्यक्रम करने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी की ओर से कैसरगंज में हनुमान चालीसा पाठ करने का ऐलान किया गया। पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए पिंकी चौधरी और उनके सहयोगी सचिन सिरोही को हाउस अरेस्ट कर दिया। पुलिस का कहना है कि यह कदम इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
वहीं, दूसरी तरफ पूर्व सांसद शाहिद अख्लाक के भाई राशिद अख्लाक की ओर से भी मस्जिद में अपने समर्थकों के साथ नमाज पढ़ने की बात कही गई है। दोनों पक्षों की ओर से सामने आए इन ऐलानों के बाद पुलिस प्रशासन ने इलाके में निगरानी और बढ़ा दी है। कैसरगंज क्षेत्र में पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी पक्ष की ओर से ऐसा कोई कदम न उठाया जाए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो या दोनों समुदायों के बीच विवाद बढ़े।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कैसरगंज क्षेत्र में किसी भी धार्मिक कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और बिना अनुमति किसी तरह का आयोजन करने की इजाजत नहीं होगी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थानीय लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं। दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत कर उनसे शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी नजर रखी जा रही है।
विवादित स्थल और उसके आसपास के इलाकों में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी विवादित मुद्दे को लेकर सड़क पर भीड़ जुटाने या माहौल खराब करने से बचें। प्रशासन का कहना है कि मेरठ में शांति व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति की ओर से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और कैसरगंज इलाके में स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बरकरार रखा गया है।
रिपोर्ट: संजय गुप्ता






















