गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के वैभव और श्रीराम मंदिर को लेकर विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। महंत दिग्विजयनाथ की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बन चुका है, लेकिन रामद्रोहियों को अयोध्या का वैभव बर्दाश्त नहीं हो रहा।
भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने की कोशिश: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या, काशी और विंध्याचल जैसे धार्मिक स्थलों का वैभव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा के बढ़ते प्रभाव से कुछ लोग परेशान हैं और समाज में भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का प्रयास कर सकते हैं। सीएम योगी ने रामभक्तों और सनातन धर्मावलंबियों से ऐसे लोगों से सतर्क रहने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा, अयोध्या में रामलला का प्रकटीकरण चन्द लोगों की उपस्थिति में हुआ था, जिसमें महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज, बाबा अभय रामदास जी और महंत रामचंद्र दास परमहंस जी महाराज शामिल थे। इसके लिए रणनीति शक्तिपीठ देवीपाटन, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के धाम में बनाई गई थी।
इस रणनीति में महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज, महाराजा बलरामपुर, राजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह जी और तत्कालीन गोंडा के जिलाधिकारी श्री के.के. नायर शामिल थे। इन तीनों के बीच बनी रणनीति के परिणाम स्वरूप रामलला का प्रकटीकरण हुआ और आज 500 सालों के बाद अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है।
सीएम योगी ने दिलाई कालनेमी की याद
अयोध्या का यह भव्य स्वरूप हर सनातन धर्मावलंबी को गौरव की अनुभूति कराता है। रामद्रोही इस बात को आसानी से बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं कि अयोध्या में भगवान राम और सनातन धर्म का यह वैभव जगमगाता हुआ दिखाई दे, इसलिए वो दुष्प्रचार और भ्रम पैदा करेंगे। जिस प्रकार बजरंगबली के संजीवनी बूटी लेने जाने पर रास्ते में भ्रम पैदा करने के लिए कालनेमी आया था जिसे हनुमान जी पहचान गए थे, उसी प्रकार सभी राम भक्तों को भी अपने अंदर वैसी ही शक्ति अर्जित करनी चाहिए।
सनातन धर्म की एकता और गौरव के मार्ग में किसी भी प्रकार का संशय या भ्रम नहीं होना चाहिए। हम सही दिशा में आगे बढ़े हैं, और उसी का परिणाम है कि आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में काशी में काशी विश्वनाथ धाम इतने भव्य रूप में देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार
























