लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद (Sanjay Nishad ) ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। सपा के 2027 में सरकार बनाने के दावों पर तंज कसते हुए संजय निषाद ने कहा कि 2013 से ही वो ऐसी बातें सुनते आ रहे हैं।
‘2013 से सुन रहा हूं जीत के दावे’
उनके मुताबिक, 2017 में भी सरकार बनाने का दावा किया गया और 2022 में भी सरकार बनाने की बात कही गई, लेकिन चुनावी नतीजों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं कांग्रेस पर हमला बोलते हुए संजय निषाद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लड़ी, फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लड़ी और अब जनता से लड़ते-लड़ते संस्थाओं से लड़ रही है।
संजय निषाद ने अपने बयान में पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब टीएन शेषन आए थे, तब कांग्रेस ने उनके खिलाफ महाभियोग की बात की थी, लेकिन बाद में उन्हें सम्मान और इनाम भी दिया गया।
संजय निषाद ने कांग्रेस को भी घेरा
संजय निषाद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब चुनाव जीतते हैं तो संस्थाओं और चुनावी व्यवस्था की पीठ थपथपाई जाती है, लेकिन हारने पर उन्हीं संस्थाओं पर सवाल उठाए जाते हैं। संजय निषाद के इन बयानों ने सियासी तापमान को और अधिक बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि सपा और कांग्रेस की ओर से इस बयान पर जवाबी पलटवार क्या होता है।
रिपोर्ट – ओंकार शुक्ला
























