राज्यसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी ने ऐसा फैसला लिया है, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी को थी। पार्टी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट धनराज परिमल नथवानी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने का निर्णय किया है। धनराज परिमल नथवानी, परिमल नथवानी के पुत्र हैं। सियासी गलियारों में इसे पार्टी का “सरप्राइज” माना जा रहा है। अब तक राज्यसभा उम्मीदवारों को लेकर तरह-तरह के कयास लग रहे थे, लेकिन पार्टी ने किसी को भनक तक नहीं लगने दी। उद्योग जगत से जुड़े एक बड़े नाम को मैदान में उतारकर सपा ने साफ संकेत दिया है कि वह इस चुनाव में चौंकाने वाले फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव को भी राज्यसभा भेजा जाएगा। उन्हें उसी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जो उनके अपने कार्यकाल के समाप्त होने से रिक्त हुई है। यानी पार्टी ने अपने अनुभवी नेता पर एक बार फिर भरोसा जताया है। संसदीय राजनीति में रामगोपाल यादव की गिनती सपा के सबसे भरोसेमंद और अनुभवी चेहरों में होती है। संसद में पार्टी का पक्ष रखने में उनकी अहम भूमिका रही है। आज दोनों नेता विधान भवन पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की मौजूदगी की संभावना है। विधान भवन परिसर में सुबह से ही सियासी हलचल तेज रहने के आसार हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि धनराज परिमल नथवानी को टिकट देने का फैसला कई मायनों में दिलचस्प है। एक तरफ पार्टी अपने पुराने नेता को उच्च सदन भेज रही है, तो दूसरी तरफ उद्योग जगत के एक जाने पहचाने चेहरे को आगे लाकर नया संदेश देना चाहती है। इस कदम के राजनीतिक मायने क्या होंगे, इस पर आने वाले दिनों में खूब चर्चा होगी। अब सबकी नजरें नामांकन के बाद की सियासी तस्वीर पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि बाकी दल इस फैसले पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और चुनाव का गणित किस करवट बैठता है। फिलहाल इतना तय है कि सपा के इस दांव ने राज्यसभा चुनाव को अचानक बेहद रोचक बना दिया है।
रिपोर्ट- सोनू सिंह
यह भी पढ़ें- CEC ज्ञानेश कुमार के आवास पर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, दीवारों पर आपत्तिजनक नारे लिखने का आरोप
























