अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र में मिठाई की दुकान पर दबंगई का मामला सामने आया है। पैनठी चौकी क्षेत्र स्थित लक्ष्मी स्वीट सेंटर पर आधा दर्जन युवक फ्री में मिठाई खाने पहुंचे और दुकानदार पर तमंचा तान कर उसे धमकाने लगे। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार शाम मिठाई की दुकान पर करीब आधा दर्जन युवक पहुंचे और दुकानदार को धमकाने लगे। पूरा मामला फ्री की मिठाई लेने के बाद सामने आया। जिसके बाद पुष्पेंद्र नाम के एक युवक ने तमंचा निकाल कर दुकानदार पर तान दिया। जब दुकानदार लक्ष्मीकांत ने फ्री में मिठाई देने से इंकार कर दिया तब काफी देर तक दोनों के बीच बहस हुई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पहुंचे और दबंगों का विरोध शुरु कर दिया, अपने आप को घिरता देख सभी आरोपी वहां से भाग गए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
एसपी ग्रामीण मनीष मिश्र के अनुसार, मिठाई की दुकान चलाने वाले लक्ष्मीकांत पुत्र जुगेंद्र पाल सिंह पर पुष्पेंद्र नाम के युवक ने तमंचा दिखाते हुए डराने धमकाने का मामला दर्ज किया है। इस मामले में कुलदीप नाम के एक आरोपी को तमंचे सहित गिरफ्तार कर किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- सपा का बड़ा सियासी दांव: रिलायंस के धनराज नथवानी और रामगोपाल यादव को राज्यसभा भेजेगी पार्टी
























