हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर स्थित एनआईटी परिसर के हॉस्टल में एक बाहरी युवक के घुसने से हड़कंप मच गया। युवक पर छात्रों के कमरों से नकदी और सामान चोरी करने का आरोप है। हॉस्टल कर्मचारियों ने उसे संदिग्ध हालत में पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 21,510 रुपये कैश, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत कई दस्तावेज बरामद हुए। युवक के पास से IIT मंडी का पहचान पत्र भी मिला है। हमीरपुर के एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) के हिमगिरि और उदयगिरि छात्रावास में एक अज्ञात युवक के पहुंचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक हॉस्टल के कमरों में जाकर छात्रों का सामान खंगाल रहा था और वहां से नकदी समेत अन्य सामान लेकर निकल रहा था। इसी दौरान हॉस्टल स्टाफ की नजर उस पर पड़ गई और उसे पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक की पहचान आदित्य चौधरी, निवासी ई-48, ब्लॉक-ई, ओम विहार, फेज-5, उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला 29 सितंबर का बताया जा रहा है। पुलिस को दिए बयान में कांगड़ा जिले के जनयानकड़ निवासी गुरभाग सिंह ने बताया कि वह एनआईटी हमीरपुर के हिमगिरि हॉस्टल में परिचारक के रूप में काम करते हैं। गुरभाग सिंह के मुताबिक, 29 सितंबर को दोपहर करीब 3:10 बजे वह मैस प्रबंधक तेज कुमार के साथ हॉस्टल परिसर का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान जब दोनों कर्मचारी कमरा नंबर जी-54 के पास पहुंचे तो वहां से एक युवक बाहर निकलता दिखाई दिया। युवक को हॉस्टल में देखकर कर्मचारियों को शक हुआ। पूछताछ के दौरान युवक के बारे में जानकारी जुटाई गई और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से कई ऐसी चीजें मिलीं, जिन्हें लेकर पुलिस अब जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, युवक के पास से 21,510 रुपये की नकदी बरामद हुई। इसके अलावा उसके पास दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले। तलाशी के दौरान आईआईटी मंडी का पहचान पत्र, काले रंग का रेडमी मोबाइल फोन, एचआरटीसी बस का टिकट और एसस कंपनी का लैपटॉप भी बरामद किया गया। उसके पास एक पिट्ठू बैग भी था, जिसमें कुछ सामान रखा हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद सामान किसका है और युवक एनआईटी हमीरपुर के हॉस्टल तक किस तरह पहुंचा। साथ ही, उसके पास आईआईटी मंडी का पहचान पत्र मिलने को लेकर भी जांच की जा रही है।
एनआईटी हमीरपुर के हॉस्टल में बाहरी व्यक्ति के इस तरह प्रवेश करने की घटना ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिमगिरि और उदयगिरि हॉस्टल छात्रों के रहने के लिए निर्धारित हैं और ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति का परिसर के भीतर पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गंभीर मामला माना जा रहा है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले हॉस्टल में आया था या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी था। इसके अलावा हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा सकती है, ताकि युवक के आने-जाने और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस थाना सदर हमीरपुर में युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बरामद सामान के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक हॉस्टल में किस उद्देश्य से दाखिल हुआ था और क्या इससे पहले भी वह संस्थान के परिसर में आया था। छात्रों के सामान की शिकायतों और बरामद वस्तुओं का मिलान भी जांच का हिस्सा हो सकता है। आरोपी पुलिस जांच के दायरे में है। उसके पास से मिले दस्तावेज, नकदी, मोबाइल और लैपटॉप समेत अन्य सामान की पड़ताल के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
मानवी
























