नई दिल्ली रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (TCS) के क्षेत्र में भारत ने एक बार फिर अपना तकनीकी लोहा मनवाया है। दरअसल भारत की टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की इनोवेशन टीम TCS-PLGRM ने वैश्विक स्तर पर आयोजित एआई इंडस्ट्री चैलेंज में दूसरा स्थान हासिल कर भारत की ताकत को दिखाया है। इस प्रतियोगिता में दुनियाभर के 115 देशों से 5,000 से अधिक प्रतिभागियों और 160 टीमों ने हिस्सा लिया था। इसका नेतृत्व टीसीएस टीम के सीनियर साइंटिस्ट चंदन सिंह ने किया था।
TCS ने गाड़ा झंडा
लगभग 6 महीने तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को इंडस्ट्री से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के लिए AI आधारित रोबोटिक्स समाधान विकसित करने की चुनौती दी गई थी। इस प्रतियोगिता का आयोजन Alphabet की रोबोटिक्स कंपनी Intrinsic की ओर से किया गया था। इसमें NVIDIA, Google DeepMind, Open Robotics, Universal Robots और Foxconn जैसी दिग्गज टेक्नोलॉजी संस्थाओं की भी भागीदारी रही।

कठिन मुकाबले के बाद फाइनल में पहुंची भारतीय टीम
एआई इंडस्ट्री चैलेंज में सफलता हासिल करने के लिए टीमों को कई स्तरों की परीक्षा से गुजरना पड़ा। शुरुआती राउंड में तैयार किए गए तकनीकी मॉडल और रोबोटिक्स सिस्टम को आगे बढ़ते चरणों में ज्यादा जटिल और वास्तविक परिस्थितियों में जांचा गया। TCS-PLGRM ने हर चरण में अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया और लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में प्रवेश किया। फाइनल में पहुंचने वाली टीमों को केवल डिजिटल मॉडल या वर्चुअल टेस्टिंग तक सीमित नहीं रहना था, बल्कि उन्हें वास्तविक रोबोट के जरिए अपनी तकनीक को साबित करना था।
चुनिंदा टीमों में TCS-PLGRM
अंतिम चरण में TCS टीम को एक ऐसी इंडस्ट्रियल प्रोसेस पूरी करनी थी, जिसमें रोबोट की सटीकता और निर्णय लेने की क्षमता की परीक्षा होनी थी। चुनौती थी कि रोबोट एक लचीली केबल को सही दिशा में नियंत्रित करते हुए तय स्थान पर मौजूद कनेक्टर में सफलतापूर्वक लगाए। प्रतियोगिता के सबसे चुनौतीपूर्ण अंतिम चरण को पूरा करने वाली चुनिंदा टीमों में TCS-PLGRM भी शामिल रही। इस उपलब्धि ने दिखाया है कि भारत AI, ऑटोमेशन और एडवांस रोबोटिक्स जैसे भविष्य की तकनीकों में तेजी से अपनी मजबूत जगह बना रहा है।
























