मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी (Mainpuri) में महिला की हत्या के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल कुरावली क्षेत्र के ग्राम चंदई में 25 सितंबर को महिला की ओमनी कार से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस लगातार तफ्तीश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी अरविंद उर्फ कुंकू को कुरावली से गिरफ्तार किया गया है।
ओमनी गाड़ी से टक्कर मारकर ली थी जान
पुलिस के अनुसार, ग्राम चंदई में ओछा लखौरा मार्ग पर महिला की हत्या के इरादे से आरोपी अरविंद ने ओमनी गाड़ी से टक्कर मार दी थी, जिससे महिला की मौत हो गई। मामले में मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना कुरावली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिला स्तरीय मिशन शक्ति टीम और थाना कुरावली की टीम समेत अन्य टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 अक्टूबर सुबह एनएच-34 रोड से महादेवा की ओर जा रहे आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया।
एक हफ्ते बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई ओमनी कार संख्या UP84Z9839 भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा जिसके बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
रिपोर्ट: शशिकांत मिश्रा



















