मुरादाबाद। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के शेरूआ चौराहे पर स्थित एक पिज्जा दुकान में अचानक हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदार और राहगीर घबराकर मौके की ओर दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए पूरे चौराहे पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसा माहौल बना रहा। इस हादसे में दुकान में काम करने वाला एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि एक महिला समेत चार अन्य लोग घायल हो गए। धमाके के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को दुकान से बाहर निकाला और बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों की टीम घायलों का उपचार कर रही है। झुलसे कर्मचारी की हालत नाजुक बताई जा रही है और उस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्राथमिक जांच में दुकान के अंदर लगे एयर कंडीशनर (एसी) के फटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, धमाके के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एसडीएम सदर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने दुकान के भीतर से नमूने एकत्र किए और धमाके की जगह का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल को घेरे में ले लिया, ताकि जांच प्रभावित न हो और भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके।
यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर धारा 163 लागू, पोस्टर, धरना, नारेबाजी और भाषण पर पूरी तरह रोक, भारी पुलिस बल तैनात
मौके पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका इतना भीषण था कि दुकान के भीतर रखा सामान बिखर गया और कुछ देर तक धुआं फैला रहा। आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल है और कई लोग अपनी दुकानों के बिजली उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने प्रतिष्ठानों में लगे एसी, गैस सिलेंडर तथा अन्य उपकरणों की नियमित जांच करवाते रहें। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हैं।



















