जापान के निशिन में शनिवार का दिन भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। एशियाई खेल 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों में क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीतने का गौरव हासिल किया।
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, और टीम के बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह सही साबित किया। शुरुआत से ही अभिषेक शर्मा के तेवर आक्रामक थे। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जमाया, जिसमें तीन चौके और छह गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने पावरप्ले के छह ओवरों में ही 81 रन बना लिए। अभिषेक ने अंत में 61 रनों की पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी ने नौ गेंदों पर 15 रन जोड़े। इसके बाद संजू सैमसन सिर्फ दो रन बनाकर लौट गए और श्रेयस अय्यर 21 रन पर आउट हुए। ईशान किशन ने 18 गेंदों में 20 रन बनाए। बीच के ओवरों में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन आखिर में तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने मोर्चा संभाल लिया। तिलक ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि दुबे ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरे। नतीजा यह रहा कि भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 211 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। आखिरी गेंद पर पाकिस्तान के क्षेत्ररक्षक ने एक आसान कैच भी टपका दिया।
212 रनों का लक्ष्य किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होता, और वह भी फाइनल के दबाव का दवाब हो। मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती ओवरों में रन रोककर दबाव बनाया। इसके बाद अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर की स्पिन जोड़ी ने पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को उलझा दिया। छह ओवर बाद पाकिस्तान का स्कोर 39 रन पर दो विकेट था, और भारत का पलड़ा भारी दिख रहा था। लेकिन पाकिस्तान ने हार नहीं मानी। हसन नवाज की शानदार पारी ने मुकाबले का रुख बदलने की कोशिश की और मैच अंतिम ओवर तक खिंच गया। स्टेडियम में मौजूद हर दर्शक की सांसें थमी हुई थीं। ऐसे नाजुक मौके पर बुमराह और सुंदर ने डेथ ओवरों में गजब का संयम दिखाया। यॉर्कर और सटीक लाइन-लेंथ के सहारे दोनों ने पाकिस्तान को लक्ष्य से दूर रोक दिया, और भारत ने रोमांचक जीत के साथ सोना अपने नाम किया।
यह भी पढ़ें- धनराज परिमल नाथवानी को राज्यसभा टिकट पर मायावती का सपा पर तंज, बोलीं- “बसपा धन्नासेठों को टिकट नहीं देती”
भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा खेल से बढ़कर भावनाओं का मुकाबला होता है। टी20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों टीमों के बीच अब तक का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में काफी झुका हुआ है, पर फाइनल जैसे बड़े मंच पर कोई भी जीत आसान नहीं होती। इस मैच ने फिर दिखा दिया कि दबाव में शांत रहने वाली टीम ही बाजी मारती है। भारत की यह कामयाबी इसलिए भी खास है कि 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में पहली बार क्रिकेट में उतरकर टीम ने स्वर्ण जीता था, और अब उसी खिताब का सफल बचाव किया है। युवा जोश और अनुभव के शानदार तालमेल ने टीम को यह मुकाम दिलाया। भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स-2026 के गोल्ड मेडल मैच में रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रनों से हरा दिया।
रिपोर्ट- सोनू सिंह
























