नई दिल्ली: देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रकिया को बंद किए जाने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली में संभावित प्रदर्शन की वजह से 13 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
सहारनपुर-मुजफ्फरनगर होकर दिल्ली जाने वाले रेल रूट पर भी इसका बड़ा असर पड़ा है। उत्तर रेलवे ने इस रूट से गुजरने वाली 15 ट्रेनों को कैंसिल किया है जिसमें 11 एक्सप्रेस और 4 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। सीजेपी के दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
किन ट्रेनों को किया गया कैंसिल
अचानक ट्रेनों को रद्द किए जाने के फैसले के बाद यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऐसे में यात्रियों को सफर से पहले ट्रेन का स्टेटस चेक करने की सलाह रेलवे की तरह दी गई है।
जिन ट्रेन को कैंसिल किया गया है उसमें दिल्ली-सहारनपुर, सहारनपुर से दिल्ली (64558), कालका दिल्ली (14332), दिल्ली-हरिद्वार (14303), हरिद्वार-दिल्ली (14304), सहारनपुर-दिल्ली एक्सप्रेस( 54474) दो जनशताब्दी ट्रेनें (12056) दिल्ली से देहरादून, देहरादून से दिल्ली (12055) भी शामिल हैं।
पैसेंजर सवारी ट्रेनों में 4 ट्रेन सहारनपुर से दिल्ली जंक्शन, दिल्ली जंक्शन से सहारनपुर, दिल्ली हरिद्वार, और कालका से दिल्ली आने वाली ट्रेनों को भी रद्द किया गया है।
जंतर-मंतर पर भारी भीड़ जुटने की संभावना
बता दें कि सीजेपी को दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है लेकिन शनिवार को फिर भी बड़ी संख्या में लोगों के जंतर मंतर पर जुटने की संभावना है जिस वजह से दिल्ली आने वाले सभी रास्तों पर भारी संख्या में फोर्स की तैनाती की गई है और गाड़ियों की सघन चेकिंग चल रही है।
गृह सचिव ने राज्यों को लिखी चिट्ठी
इसके अलावा केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने 9 अक्टूबर को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों को चिट्ठी लिखी है। इसमें कहा गया है कि अपने राज्यों में ऐसे प्रदर्शन ना होने दें और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखें।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा ?
इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस का कहना है कि दिल्ली में अलग-अलग संगठनों की अपील पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की सूचना मिल रही है। ऐसे में आशंका है कि ऐसे आयोजन से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है।
रिपोर्ट: दीपक वत्स
























