लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनावी तपिश लगातार बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) के अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती स्वीकार किए जाने के बाद अब अखिलेश यादव ने इस पर भी पलटवार किया और कहा कि पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा।
योगी ने स्वीकार किया चैलेंज
दरअसल बलरामपुर में एक सभा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती को स्वीकार करते कहा, ‘अखिलेश अयोध्या हमारी पावन धाम है, हम सियासत के लिए नहीं विकास के लिए अयोध्या जाते हैं, आइए आपको ऑफर देता हूं, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए और मैं भी, चलिए एक बार किस्मत आजमा लेते हैं।’ इसके बाद योगी ने भाषण के दौरान अयोध्या को अपनी आस्था की स्थली बताया।
घमंड का सारा पानी उतर जाएगा: अखिलेश
सीएम योगी के चैलेंज स्वीकार किए जाने पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए एक बार फिर बीजेपी और मुख्यमंत्री पर हमला बोला. अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा, ‘अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है। चोरों को क्लीन चिट देनेवाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं। दूध का दूध, पानी का पानी तो हुआ नहीं, इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी। पावन स्थलों पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं।’
पवन का झोंका आएगा
अंहकार सब उड़ जाएगाअयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है। चोरों को क्लीन चिट देनेवाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं। दूध का दूध, पानी का पानी तो हुआ नहीं, इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी।
पावन स्थलों पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 10, 2026
विवाद की शुरुआत कैसे हुई ?
दरअसल बीते दिनों समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अयोध्या दौरे पर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने वहां भागवत कथा में हिस्सा लिया और संतों से आशीर्वाद लेने के बाद जनसभा में भाषण दिया। कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा, ‘मुख्यमंत्री को अपनी लोकप्रियता पर भरोसा है तो अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं.’ इस दौरान अखिलेश ने चुनाव आयोग और प्रशासन पर भी निशाना साधा था। बलरामपुर में एक जनसभा में आदित्यनाथ ने पूर्व सीएम अखिलेश की इसी चुनौती को स्वीकार करते हुए अयोध्या से चुनाव लड़ने की बात कही और अखिलेश यादव को भी इस सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दे दी।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल
























