गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में एक शख्स की हत्या के मामले में पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। दरअसल खोड़ा थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर केस को सुलझाते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक अंशुल अपनी पत्नी निशा के साथ वंदना विहार में किराए के कमरे में रहता था। दोनों नोएडा की एक ही सिलाई कंपनी में काम करते थे। पुलिस के अनुसार, निशा और पप्पू उर्फ गंगा भगत के बीच प्रेम संबंध थे।
प्रेमी से शादी करना चाहती थी आरोपी महिला
दोनों अंशुल को रास्ते से हटाकर शादी करना चाहते थे। आरोप है कि इसी योजना के तहत 10 अक्टूबर को पप्पू ने निशा के साथ मिलकर अंशुल की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी पप्पू की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक अवैध तमंचा बरामद कर लिया है। 315 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद में सड़क हादसा
वहीं दूसरी तरफ गाजियाबाद में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से रुड़की जा रही यात्रियों से भरी एक बस गंगनहर के पास अनियंत्रित होकर पिलर नंबर 969 से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना में करीब 23 यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में 23 लोग घायल
बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस सीधे गंगनहर के पिलर नंबर 969 से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क पर पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे।
रिपोर्ट: चौधरी दीपक तोमर






















