महराजगंज: नेपाल के गोरखा जिले (Nepal) में भूस्खलन के कारण प्राकृतिक बांध टूटने से अचानक बाढ़ आने के बाद महराजगंज प्रशासन अलर्ट हो गया है। गंडक नदी में संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, फिलहाल वाल्मीकिनगर बैराज पर जलप्रवाह सामान्य बताया जा रहा है। नेपाल के चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में भूस्खलन के चलते बूढ़ी गंडक नदी की सहायक नदी पर बना प्राकृतिक बांध टूटने की सूचना मिली है।
महराजगंज प्रशासन अलर्ट
इसके बाद महराजगंज जिला प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों और गंडक नदी की स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है। रविवार शाम कलेक्ट्रेट में प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि नेपाल में हुई घटना को लेकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया है।
राहत आयुक्त कार्यालय और नेपाल के अधिकारियों के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। डीएम के मुताबिक, पिछले अगस्त में नेपाल के भोटेकोशी क्षेत्र में आई बाढ़ के अनुभव को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
आपदा प्रबंधन से जुड़ी इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है और अगले 12 से 14 घंटे तक लगातार निगरानी की जाएगी। फिलहाल नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है और तत्काल चिंता की स्थिति नहीं है। हालांकि, जलस्तर में बदलाव होने पर प्रशासन जरूरी कदम उठाएगा।
रिपोर्ट: ओंकार शुक्ला
























