गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। सीएम योगी ने कहा कि “विपक्ष चुनाव हारने पर EVM और चुनाव आयोग को दोष देता है, जबकि जीत मिलने पर यही व्यवस्था ठीक लगती है” उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाए और विपक्ष को अराजकता फैलाने से बचने की नसीहत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी।
हाल की कुछ घटनाओं को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। दिल्ली समेत देश में कई जगहों पर विपक्षी दलों द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। जिसके चलते देश में सरकार विरोधी माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन करने की कोशिश की थी। इस दौरान उन्होंने निष्पक्ष चुनाव कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। सरकार की तरफ से विपक्ष को साफ संदेश दिया गया कि विपक्ष द्वारा देश में किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जीत मिलने पर सब ठीक रहता है, लेकिन हारने पर EVM और चुनाव आयोग को दोषी ठहराया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता को गुमराह करने से परहेज नहीं कर रहा और चुनावी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करता है। सीएम योगी ने कांग्रेस नेतृत्व पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस अपना विश्वास खो चुकी है और उसे नेतृत्व बदलने पर विचार करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को आगाह करते हुए कहा कि भारत में अराजकता फैलाने की कोशिश न की जाए, क्योंकि जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष अराजकता का रास्ता अपनाता है, तो उसे अपना बचा-कुचा जनसमर्थन भी गंवाना पड़ सकता है।
रिपोर्ट- मुकेश कुमार (गोरखपुर)
























