रामपुर: यूपी के रामपुर (Rampur) में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार वॉश सेंटर चलाने वाले नवजोत सिंह की हत्या के मामले को सुलझा दिया है। एसओजी की टीम ने महज़ 48 घंटे में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरअसल रामपुर के मिलक खानम थाना क्षेत्र में दो दिन पहले नवजोत सिंह नाम के शख्स की उस समय फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते हुए हत्या कर दी गई थी जब वह अपने निवास स्थान से कुछ ही दूरी पर मौजूद अपने कार वॉश सेंटर में बैठा हुआ था।
बेटा ही निकला हत्यारा
हत्या की यह घटना पास ही में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी और जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी के साथ वायरल हुआ था। कार्यवाहक पुलिस कप्तान अनुराग सिंह ने घटना के खुलासे की जिम्मेदारी मिलक खानम थाने की पुलिस के साथ ही एसओजी टीम को दी थी।
अब इस पूरे प्रकरण का खुलासा करते हुए नवजोत सिंह की हत्या के आरोप में अवदीप और राजनदीप को गिरफ्तार किया है। कार्यवाहक पुलिस कप्तान अनुराग सिंह का इस घटना को लेकर कहना है कि अवदीप और राजदीप कजिन हैं।
ऐसे सुलझी हत्या की गुत्थी
मृतक नवजोत सिंह ने अवदीप की विधवा मां से शादी कर ली थी। वह न्यूजीलैंड में जॉब करता था लेकिन वह अपनी मां और मृतक के रिश्ते से खुश नहीं था। अवदीप पिछले दिनों इसी घटना को अंजाम देने के लिए न्यूज़ीलैंड से घर वापस आया था और फिर 2 दिन पहले अपने कजिन राजदीप के साथ मिलकर इस हत्या की घटना को अंजाम तक पहुंचा दिया।
हत्या करने के बाद वह विदेश भागने की फिराक में लगा हुआ था लेकिन उससे पहले ही पुलिस और एसओजी ने उसे और राजदीप को दबोच लिया। घटना के खुलासे के बाद बाकी के अभियुक्तों की भी तलाश की जा रही है। वहीं इस केस को सुलझाने वाली पुलिस और एसओजी टीम को इनाम भी दिया जाएगा।
रिपोर्ट: मुजस्सिम खान
























