सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर (Saharanpur) से एक बेहद ही दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के गांव बुड्ढाखेड़ा की एक मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के रहने वाले शराफत के रूप में हुई है, जो छह भाइयों में सबसे बड़े थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
वजू के दौरान अचानक गिरे शराफत
जानकारी के मुताबिक, शराफत रोज की तरह नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद पहुंचे थे और नमाज से ठीक पहले वो वजू कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वो लड़खड़ाकर पीछे की ओर जमीन पर गिर पड़े।
जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय मस्जिद में सभी नमाजी अपनी जगह पर इबादत कर रहे थे। मस्जिद के कैमरे में कैद हुई इस घटना में शामिल लोगों में से जब एक युवक की नजर अचानक गिरे हुए शराफत पर पड़ी, तो वह अपनी नमाज के बीच से ही उठकर तुरंत उनकी तरफ दौड़ा।
युवक ने उन्हें संभालने की पूरी कोशिश की और होश में लाने के लिए पानी भी पिलाया, लेकिन उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ और हालत लगातार गंभीर बनी रही। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उन्हें लेकर तुरंत अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
डॉक्टरों के अनुसार उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक (दिल का दौरा) माना जा रहा है। यह पूरी मर्माहत करने वाला घटनाक्रम मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस अचानक हुए हादसे से पूरे गांव और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई । परिवार में शराफत के पीछे एक बेटा और एक बेटी हैं। घर के मुख्य कमाने वाले सहारे के इस तरह अचानक दुनिया से चले जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
रिपोर्ट: गौरव सैनी
























