प्रतापगढ़: यूपी के प्रतापगढ़ (Pratapgarh) में एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। घटना बाघराय थाना क्षेत्र के रोर गांव की है जहां गैस सिलेंडर में रिसाव की वजह से महिला की जान चली गई। दरअसल गांव के प्रधान प्रतिनिधि संतोष पांडेय बीते 14 सालों से नवरात्र में श्रीमद्भागवत कथा कराते आ रहे थे।
क्षेत्र में संतोष पांडेय का परिवार बहुत ही धार्मिक और प्रभावशाली माना जाता है। संतोष पांडेय के यहां श्रीमद्भागवत कथा चल रही थी। इसी दौरान जिस कमरे में खाना-पीना और जलपान की व्यवस्था थी उसी कमरे में कॉमर्शियल सिलेंडर लीक कर रहा था।
कमरे में गैस का रिसाव
भोजन बनाने वालों ने गैस चूल्हा तो बंद किया, लेकिन रेगुलेटर बंद करना भूल गए और कमरे में लगे लोहे के दरवाजे को बंद कर दिया। पाइप में लीकेज होने से गैस लगातार लीक होती रही और जब गैस का प्रेशर जरूरत से अधिक हो गया, तो लोहे का दरवाजा टूट कर करीब दस फीट दूर जाकर महिला पर जा गिरा जहां वो बैठी हुई थी।
प्रधान प्रतिनिधि की पत्नी को गंभीर चोट लगी और उसकी वहीं मौत हो गई। वहां बैठे तीन अन्य लोग भी इससे घायल हो गए। इतना ही नहीं गैस के प्रेशर से छत के दूसरे तल्ले पर भी दो दरवाजे टूट गए।
हादसे में तीन घायल
आनन फानन में परिजन सभी को लेकर स्थानीय सीएससी बाघराय ले गए जहां डॉक्टरों ने प्रधान प्रतिनिधि की पत्नी गिरिजा देवी को मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य जो लोग घायल थे, उनको प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
बता दें कि बीते कुछ समय पहले ही प्रधान प्रतिनिधि के भाई उमेश पांडेय के दुर्घटना होने से दो बेटों की भी मौत हो गई थी। अब इस घटना के बाद ग्राम प्रधान के परिवार पर कहर टूट गया है।
रिपोर्ट: देवानंद शुक्ला
























