गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में जलभराव के मुद्दे पर सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) से बहस के बाद चर्चा में आए भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी अब समाजवादी पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। बुधवार देर रात लखनऊ में उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए विश्वजीत ने जल्द ही सपा की सदस्यता ग्रहण करने की बात कही है।
दरअसल, कुछ दिन पहले नगर निगम में जल निकासी की समस्या को लेकर बीजेपी के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और सांसद रवि किशन के बीच तीखी बहस हुई थी। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था।
सपा में शामिल होंगे विश्वजीत त्रिपाठी
इसी बीच अखिलेश यादव ने भी विश्वजीत त्रिपाठी को सपा में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। अब अखिलेश यादव से मुलाकात और सपा में शामिल होने के ऐलान के बाद गोरखपुर की स्थानीय राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बता दें कि गोरखपुर को स्पेन जैसा बताने वाले बीजेपी सांसद रवि किशन की उस वक्त पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी से लड़ाई हो गई थी जब शहर में जलभराव को लेकर सांसद रवि किशन और बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी का एक ऑडियो कॉल वायरल हो गया था।
उस ऑडियो कॉल पर रवि किशन को यह कहते हुआ सुना गया था, क्या हुआ पार्षद जी, मैं सड़कों पर ही हूं, मेरे साथ अधिकारी मौजूद हैं, इस पर पार्षद ने कहा, पूरा शहर पानी में डूब रहा है।
‘का हो पार्षद जी, सपा ज्वाइन कई लिहला का’
इस पर सांसद ने भोजपुरी लहजे में आगे कहा, ‘का हो पार्षद जी, सपा ज्वाइन कई लिहला का, सपा के भाषा बोलत बाटा,’ इससे पार्षद नाराज हो गए और उन्होंने कहा, आप मुझे सपा ज्वाइन करने की बात कर रहे है तो क्या आपने बसपा ज्वाइन कर ली है क्या ?
दोनों की इस बातचीत का वीडियो दिल्ली में हाई कमान तक पहुंच गया था। विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया था कि इसको लेकर यूपी के प्रभारी विनोद तावड़े का भी उन्हें फोन आया था।
इनपुट: मुकेश कुमार
























