शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर (Shahjahanpur) में एक बंदी ने कचहरी परिसर स्थित बंदीगृह के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो पुवायां थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। वह पॉक्सो एक्ट का आरोपी था और उसे कोर्ट में पेश करने के लिए लाया गया था।
बंदीगृह के शौचालय में दी जान
आपको बता दें कि दीपक बंदीगृह के शौचालय में गया, लेकिन काफी देर तक जब बाहर नहीं आया तब लोगों ने उसका शव फांसी पर लटका देखा बन्दी ग्रह में फांसी की सूचना से कचहरी में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बंदी कोर्ट में पेश हो पाया था या नहीं।
वहीं एसपी सिटी देवेन्द्र कुमार ने बताया कि दीपक नाम का आरोपी जो पुवायां थाने में दर्ज पाक्सो एक्ट के मामले में जेल में बन्द था उसे आज कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था, शौचालय के अन्दर बंदी दीपक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सेन्ट्रल बार एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग
फिलहाल मामले की जांच चल रही है, वहीं सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव राजेश अवस्थी ने घटना के संबंध में कहा कि अगर कचहरी में इस तरीके की वारदात होगी तो फिर सुरक्षा कहां है। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए राजेश अवस्थी ने कहा कि यह मामला बहुत ही गंभीर है इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई होनी चाहिए.
रिपोर्ट: अरविंद त्रिपाठी
























