बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर (Bulandshahr) में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है जिसमें पांच लोगों की जान चली गई। दरअसल एक तेज रफ्तार ईको कार पेड़ से टकरा गई जिसमें पांच श्रदालुओं की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के सदस्य
सड़क हादसे में जान गंवाने वालों में तीन पुरुष, एक महिला और मासूम शामिल है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे और कासगंज के सिढ़पुरा से बेलोन मन्दिर दर्शन के लिए जा रहा थे।
पूरा परिवार इको कार में सवार था। जानकारी के मुताबिक ईको वैन में कुल आठ लोग सवार थे जिसमें पांच लोगों की मौत हुई है जबकि तीन लोग अस्पताल में भर्ती हैं। यलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ड्राइवर को आई नींद की झपकी
यह दर्दनाक हादसा नरौरा थाना क्षेत्र के रतनपुर के पास हुआ। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि कार चालक को नींद की झपकी आ गई थी जिस वजह से गाड़ी से उसका नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार कार पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी की कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बबीता, रामदीन, शिवशंकर मिश्रा, लोकेंद्र और प्रगति के रूप में हुई है। मृतक प्रगति की उम्र महज एक साल थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और इस हादसे की जांच में जुट गई है।
रिपोर्ट: मुकेश राजपूत
























