महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा (Mahoba ) में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अस्पताल में अचानक विशाल और जहरीला सांप घुस आया। मरीज जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। दरअसल महोबा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (जैतपुर) में शुक्रवार को 6 फिट का सांप अचानक निकल आया।
लैब के पास सांप दिखाई देते ही मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि सपेरे ने समय रहते सांप को पकड़ लिया और जंगल में छोड़ दिया। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा और साफ-सफाई पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। चोक नालियों और गंदगी के चलते अस्पताल परिसर में लगातार ऐसे खतरनाक जीवों का खतरा मंडराता रहता है।
सूझबूझ से बची मरीजों की जान
रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को इलाज कराने आए मरीजों और उनके तीमारदारों में सांप देखकर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक सपेरे को बुलाया गया। सपेरे के साथ आए एक बच्चे ने सूझबूझ दिखाते हुए बड़ी मुश्किल से सांप को काबू में किया और सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
इस घटना के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मरीजों की जान जोखिम में क्यों डाली जा रही है? सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर पीके सिंह ने बताया कि अस्पताल परिसर की मुख्य नाली पूरी तरह चोक है। जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण वहां लगातार गंदगी जमा रहती है।
सीएचसी अधीक्षक ने लगाए गंभीर आरोप
उन्होंने कहा, इन गंदे हालातों में मेंढक और अन्य जीव पनप रहे हैं, जिनकी तलाश में जहरीले सांप अस्पताल परिसर तक पहुंच रहे हैं। अधीक्षक का यह भी कहना है कि ग्राम प्रधान से कई बार नालियों की सफाई और कचरा उठवाने की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगती है।
बता दें कि रोजाना सैकड़ों की संख्या में यहां गर्भवती महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इलाज के लिए पहुंचते हैं। यह घटना सिर्फ एक इत्तेफाक नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा माना जा रहा है।
रिपोर्ट: रमाकांत मिश्रा
























