नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) में सेना और सुरक्षाबलों को आतंकियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। एलओसी के पास कुपवाड़ा में शनिवार तड़के सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। यह ऑपरेशन सुबह करीब 3.30 बजे शुरू हुआ था। इलाके में अभी भी सघन तलाशी अभियान चल रहा है और आतंकियों के साथियों की तलाश की जा रही है।
सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी
इस एनकाउंटर को लेकर अधिकारियों ने बताया कि कुपवाड़ा में सर्च ऑपरेशन चला रहे जवानों से आतंकियों की मुठभेड़ हो गई। यह एनकाउंटर केरन सेक्टर के जुमगंड इलाके में हुई जहां सुरक्षाबलों ने एलओसी के पास संदिग्ध गतिविधि देखी।
इसके बाद जवानों ने आतंकियों को चुनौती दी जिसके बाद दोनों तरफ गोलीबारी शुरू हो गई। अभी इस मामले में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है और अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन जारी है।बता दें कि अभी थोड़े दिनों पहले भी एलओसी के पास पुंछ में जबरदस्त धमाका हुआ था। इसमें जीरो लाइन के पास नंगी टेकरी इलाके में घुसपैठ की कोशिश कर रहे चार आतंकी मारे गए थे।
मारे गए थे चार आतंकी
इस धमाके में मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का एक टॉप कमांडर भी ढेर हुआ था। यह धमाका बॉर्डर की सुरक्षा के लिए लगाए गए एंटी इनफिल्ट्रेशन ग्रिड के माइंस से हुई थी। बता दें कि सर्दियों का मौसम आते ही जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के घुसपैठ के मामलों में बढ़ोतरी हो जाती है। बर्फबारी का फायदा उठाकर आतंकी भारत में प्रवेश की कोशिश करते हैं।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल
























