झांसी: बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत (Rakhi Sawant) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। झांसी ने कोर्ट में उनके खिलाफ चल रहे एक पुराने मुकदमे में गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मामला करीब 16 साल पुराना है और 2010 में प्रसारित हुए टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ से जुड़ा है।
आरोप है कि शो के दौरान झांसी निवासी लक्ष्मण के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। कार्यक्रम के प्रसारण के बाद लक्ष्मण ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनकी मां सावित्री ने प्रेमनगर थाने में राखी सावंत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अब इस मामले में कोर्ट आदेश के बाद राखी सावंत की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
2010 का है मामला
दरअसल, अभिनेत्री राखी सावंत मुंबई में ‘राखी का इंसाफ’ नाम से एक टीवी शो संचालित करती थीं। झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के निवासी लक्ष्मण भी अपनी पत्नी के साथ चल रहे विवाद के सिलसिले में इस कार्यक्रम में पहुंचे थे।
रिपोर्ट के मुताबिक लक्ष्मण और उनकी पत्नी के बीच विवाद था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। आरोप है कि 23 अक्टूबर 2010 को प्रसारित हुए इस कार्यक्रम के दौरान राखी सावंत ने लक्ष्मण के लिए ‘नामर्द’ और ‘नपुंसक’ जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और अभद्र भाषा बोली।
युवक ने कर ली थी खुदकुशी
कार्यक्रम से लौटने के बाद लक्ष्मण ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनकी मां सावित्री ने राखी सावंत के खिलाफ झांसी के प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अब इस पुराने मामले में झांसी कोर्ट ने राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
जिला शासकीय वकील मृदुल कांत श्रीवास्तव के अनुसार, कोर्ट की प्रक्रिया के तहत बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत को झांसी अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा और आत्मसमर्पण कर जमानत के लिए प्रार्थना पत्र देना होगा।
रिपोर्ट: हेमंत कुमार गुप्ता
























