लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है और राज्य में आगामी चुनाव को लेकर तमाम एजेंसियां और चैनल्स सर्वे और ओपिनियन पोल कर रहे हैं। हालांकि अब इन सर्वे को लेकर मायावती (Mayawati) को मिर्ची लग गई है और उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए इसे धनबल का दुरुपयोग बताया है।
इन सर्वे और ओपिनियन पोल को लेकर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भड़ास निकाली और लिखा, ‘उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा आम चुनाव में पार्टी के अच्छे और दमदार उम्मीदवारों के चयन सहित सघन जमीनी तैयारियों आदि के बीच यहां जातिवादी मीडिया/सोशल मीडिया द्वारा भी, अभी से ही षडयंत्र के तहत धनबल के दुरुपयोग के सहारे फेक और ध्यान भटकाने वाला, सर्वे/सर्वेक्षण आदि का झूठा प्रचार शुरू कर दिया गया है।
बीएसपी के खिलाफ झूठा और अनर्गल प्रचार
बीएसपी सुप्रीमो ने आगे लिखा, इन सर्वे में स्वाभाविक तौर पर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) को निशाना बनाया जाना अति-दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। वैसे यहां यह कड़वी वास्तविकता भी उल्लेखनीय है कि जातिवादी मीडिया द्वारा चुनाव के दौरान बीएसपी के विरुद्ध हमेशा ही झूठा और अनर्गल प्रचार किया जाता है।
उन्होंने कहा, फेक और प्रायोजित सर्वे/सर्वेक्षण आदि में हमेशा कम और कमजोर करके बीएसपी को आंका जाता रहा है। यहां तक कि साल 2007 में भी इनका बर्ताव ऐसा ही जातिवादी और द्वेषपूर्ण रहा था जबकि बीएसपी ने तमाम लोगों के क़यासों और उम्मीदों पर पानी फेरते हुए पूर्ण बहुमत की अपनी सरकार बनायी थी और फिर यूपी में सबके साथ न्याय करने के लिए ’क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ कायम करने सहित कल्याणकारी युग की शुरूआत की थी।
सर्वे से क्यों नाराज हैं मायावती
मायावती यहीं नहीं रुकीं और आगे लिखा, इसलिए यूपी में पहले सपा और अब भाजपा राज से त्रस्त सर्वसमाज से ख़ासकर ’बहुजन समाज’ के लोगों से यही अपील है कि वो विरोधी पार्टियों और जातिवादी तत्वों के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि हथकंडों सहित सभी प्रकार के झूठे और दुष्प्रचार आदि से जरूर सावधान रहें। उन्होंने लिखा, उनके नेतृत्व में पांचवीं बार बीएसपी की सरकार बनाने में पूरे जी-जान से लगातार लगे रहें।
दरअसल अब तक जो तमाम सर्वे या ओपिनियन पोल सामने आए हैं उसमें मायावती की पार्टी को यूपी की राजनीति में अब पहले की तरह प्रासांगिक नहीं बताया और दिखाया गया है। इन सर्वे में मुख्य मुकाबला बीजेपी और सपा के बीच ही नजर आता है जिसको लेकर मायावती की ये टीस सामने आई है।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल
























