वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। विंध्याचल में दर्शन कर वाराणसी लौट रहे स्कॉर्पियो सवार लोगों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने पीछे से उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो UP65EB2199 में आठ लोग सवार थे। सभी विंध्याचल में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे रूपापुर ओवरब्रिज पर पहुंचने के बाद उन्होंने वाहन रोक दिया और बाहर निकलकर सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी स्कॉर्पियो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
हादसे की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। रूपापुर ओवरब्रिज पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर वाहन रोकने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
























