मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी (Mainpuri) में सदर ब्लॉक में बने शिक्षक एमएलसी चुनाव के पोलिंग बूथ पर एक गड़बड़ी सामने आई है। यहां पर एक वोटर ने दावा किया है कि उसके पहुंचने से पहले ही उसका वोट डाल दिया गया है। उसने प्रशासन पर ही गड़बड़ी का भी आरोप लगाया है।
मतदाता राजकिशोर ने बताया है कि जब मैं पोलिंग बूथ पर वोट डालने गया तो वहां पर अधिकारियों ने बताया कि आपका वोट पड़ चुका है, जब राजकिशोर ने पीठासीन अधिकारी से कहा कि मैं तो अभी आया हूं मेरा वोट कैसे पड़ गया तो पीठासीन अधिकारी ने बताया है कि शाम को 4:00 बजे के बाद आओ उसके बाद देखते हैं।
ऐसा किसी भी कीमत में नहीं होना चाहिए: जयवीर सिंह
इस मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि आज सुबह 8:00 बजे से मतदान का काम शांति के साथ चल रहा है और शाम को 4:00 तक चलता रहेगा युवाओं में वोट डालने का उत्साह दिखाई दे रहा है अगर इस तरीके की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए, अगर इस तरीके की गड़बड़ी हुई है तो मतदाता को अपना चैलेंज वोट डालना चाहिए
समाजवादी पार्टी के अभिकर्ता विजेंद्र ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पोलिंग बूथ पर कोई भी आईडी चेक नहीं की जा रही है कुछ लोगों को तो मैं टोक भी चुका हूं जो दोबारा वोट डालने आए थे, पूरा प्रशासन उनके ही पक्ष में चुनाव करा रहा है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आरोप को बताया फर्जी
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सौरभ चौहान ने कहा है कि हम लोगों के ऊपर लगाए जा रहे सारे आरोप निराधार हैं, प्रशासन पूरी तरीके से सही काम कर रहा है समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अंदर बैठे हुए थे तो हम लोगों ने कहा इनको भी बाहर निकालो, उन्हें बाहर कर दिया इसलिए वह गलत आरोप लगा रहे हैं।
रिपोर्ट: शशिकांत मिश्रा






















