लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव (UP MLC Election 2026) के दौरान अलग-अलग शहरों और जिलों में हंगामे और मारपीट की खबरें सामने आ रही हैं। दरअसल आज शिक्षक और स्नातक सीटों पर हो रहे चुनाव (विधान परिषद चुनाव) के लिए वोटिंग हो रही है जिसमें समाजवादी पार्टी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह टकराव की खबरें सामने आ रही हैं।
यूपी के 11 एमएलसी सीटों पर हो रहे इस चुनाव के दौरान मुजफ्फरनगर में मंत्री कपिलदेव अग्रवाल वोटिंग बूथ पर पहुंचे तो एसपी और बीजेपी कार्यकर्ता आमने सामने आ गए। एसपी कार्यकर्ताओं ने बीजेपी पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है।
कहां-कहां आमने-सामने आए बीजेपी-सपा कार्यकर्ता
वहीं गोरखपुर में भी बीजेपी और एसपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। गोरखपुर में एसपी प्रत्याशी डॉक्टर संजय त्रिपाठी और बीजेपी समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। वहीं फतेहपुर में भी एसपी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। यहां भी समाजवादी पार्टी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर बूथ कैप्चर करने का आरोप लगाया है।
दूसरी तरह बाराबंकी में भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं से उलझ गए और एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। वहीं अलीगढ़ में सपा ने फर्जी एजेंट रखने का आरोप लगाया है।
मैनपुरी में सदर ब्लॉक में बने शिक्षक एमएलसी चुनाव के पोलिंग बूथ पर एक वोटर ने दावा किया है कि उसके पहुंचने से पहले ही उसका वोट डाल दिया गया है। उसने प्रशासन पर ही गड़बड़ी का भी आरोप लगाया है। हरदोई में सपा-भाजपा समर्थकों में भिड़ंत, पुलिस के सामने मंडल अध्यक्ष को गालियां देने का आरोप लगा है।
वहीं एक वीडियो में वकील को मारने के लिए एक युवक दौड़ता हुआ नजर आया। इसके अलावा फ़र्रूख़ाबाद, फतेहाबाद, लखीमपुर, अमरोहा, आगरा में भी हिंसा की खबरें सामने आई हैं। यूपी की 11 सीटों पर हो रहे इस चुनाव के लिए 72 जिलों में 2,697 वोटिंग केंद्र बनाए गए हैं। 5 मतदान केंद्रों पर मारपीट और हंगामा की खबर सामने आई है।
फर्जी वोट डाले जाने का भी आरोप
मतदाता राजकिशोर ने बताया है कि जब मैं पोलिंग बूथ पर वोट डालने गया तो वहां पर अधिकारियों ने बताया कि आपका वोट पड़ चुका है, जब राजकिशोर ने पीठासीन अधिकारी से कहा कि मैं तो अभी आया हूं मेरा वोट कैसे पड़ गया तो पीठासीन अधिकारी ने बताया है कि शाम को 4:00 बजे के बाद आओ उसके बाद देखते हैं।
एमएलसी चुनाव सत्ता का सेमीफाइनल ?
इस मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि इस तरीके की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए, अगर इस तरीके की गड़बड़ी हुई है तो मतदाता को अपना चैलेंज वोट डालना चाहिए। दरअसल यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले इस चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है और दोनों ही पार्टियां एमएलसी चुनाव में डटी हुई है।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल
























