गौतम बुद्ध नगर: यूपी के ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) वेस्ट में घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पूर्व में हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी किए गए सामान, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पकड़े गए आरोपियों का एक साथी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने बदमाश जितेंद्र उर्फ जीतू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है। वहीं, पुलिस ने इसके साथी पिंटू को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों ने करीब दो महीने पहले बिसरख क्षेत्र में दो घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी घरों से सोने-चांदी की ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए थे। पुलिस तभी से इन आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली
पुलिस ने बढ़ते आपराधिक वारदातों को लेकर जलालपुर गांव की तरफ बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। अब तक आरोपियों ने चोरी की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।
आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से ही एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दूसरे के खिलाफ करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: युनूस आलम























