लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल (Anandiben Patel) ने युवाओं को गर्लफ्रेंड बनाने को लेकर एक ऐसा बयान दिया है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल आनंदी बेन पटेल ने लखनऊ के महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में युवाओं को पहले आत्मनिर्भर बनने का मंत्र देते हुए कहा, ‘मैं गर्लफ्रेंड बनाने के खिलाफ नहीं हूं लेकिन किसी लड़की को 13-14 साल की उम्र में मां बनाकर छोड़ देना गलत है।’
आनंदी बेन पटेल का बयान वायरल
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में आनंदी बेन पटेल ने कहा, युवाओं को पहले आत्मनिर्भर बनना चाहिए जिससे वो परिवार की जिम्मेदारी उठा सकें, गर्लफ्रेंड बनाने में बुराई नहीं है लेकिन गर्लफ्रेंड बनाओ तो शादी भी करो, आप शादी का वादा करते हो और बाद में लड़की को मां बनाकर उस लड़की को अपनी जिंदगी से फेंक देते हो, 13-14 साल की उम्र में मां बनाकर छोड़ देना गलत है।
पहले करियर पर ध्यान दें युवा: आनंदी बेन पटेल
बता दें कि राज्यपाल के इस बयान का असली मकसद युवाओं को अपने करियर के प्रति गंभीर होने और किसी भी रिश्ते में आने से पहले मानसिक परिपक्वता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखने से जोड़कर देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान 2279 छात्रों को डिग्री और डिप्लोमा के सर्टिफिकेट भी दिए गए। इस दौरान यूनिवर्सिटी कैंपस में मिनी एक्सपो भी लगाया गया और कार्यक्रम के दौरान यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी मौजूद रहे।
पहले भी बयान पर हो चुका है विवाद
बता दें कि इससे पहले भी छात्रों के ही एक कार्यक्रम में आनंदी बेन पटेल ने कहा था कि लड़कियां पढ़ाई के दौरान ही प्रेग्नेंट हो जाती है और कई छात्राओं के बच्चे भी हो जाते हैं, ऐसे में उनका जिम्मेदारी कौन उठाएगा। इस पर बवाल होने के बाद उन्होंने कहा था कि मैं लव मैरिज के खिलाफ नहीं हूं लेकिन पहले छात्र-छात्राओं को करियर पर ध्यान देना चाहिए।
























