Lucknow: राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो CNB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दावा किया जा रहा है कि गिरफ्तार महिलाओं के पास से करीब 100 ग्राम आइस ड्रग्स बरामद हुई है। इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
आइस ड्रग्स को वैज्ञानिक भाषा में मेथामफेटामाइन कहा जाता है। यह कांच के टुकड़ों जैसे पारदर्शी या सफेद क्रिस्टल के रूप में होती है और सबसे खतरनाक सिंथेटिक नशों में गिना जाता है। इसका सेवन करने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे इसका आदी बन जाता है। इससे मानसिक संतुलन बिगड़ने, नींद उड़ने, दिल पर दबाव बढ़ने और स्वभाव में आक्रामकता जैसी गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
CNB ने बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है। दोनों महिलाओं से उनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी का प्रयास है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जाएं और इसके पीछे सक्रिय अन्य लोगों तक भी पहुंचा जाए। जिससे कोर्ट में उनके खिलाफ सख्त सजा की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश की राजधानी में नशे का जाल तेजी से पांव पसार रहा है। नशे के कारोबार से जुड़े लोग इसे पुडियो में भरकर बेचते है। माना जा रहा है कि केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो इस पूरी कड़ी को तोड़ने की कोशिश कर रही है। जिससे लखनऊ समेत प्रदेश में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें- रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी पर बवाल, कुछ तस्वीरें हटाने का निर्देश























