लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में एक महिला का शव मिलने के बाद सनसनी मच गई। महिला का शव आउटर रिंग रोड किनारे नाले में पड़ा मिला जिसके बाद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। शुरुआत तौर पर महिला की हत्या की आशंका जताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। महिला के पास से उन्नाव जिले के आसिया क्षेत्र का आधार कार्ड और एक बैग भी मिला है, जिससे उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
महिला की मौत की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही महिला की मौत के कारण और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद दुबग्गा पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आउटर रिंग रोड के किनारे सुनसान स्थान पर शव मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान, हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: शिवम पांडेय






















