बस्ती: यूपी के बस्ती (Basti) में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन नहीं करा पाने के बाद एक महंत ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की।
रिपोर्ट के मुताबिक गोविंद दास पिछले करीब छह महीने से कथा की तारीख तय कराने और तैयारियों के लिए रकम जुटाने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने आश्रम में फेसबुक लाइव के दौरान जहरीला पदार्थ खा लिया। वो लाइव के दौरान बार-बार कहते रहे, ‘मैं हार गया, हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया’।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा कराना चाहते थे महंत
बस्ती के पैड़ा वाले बाबा गोविंद दास पिछले करीब छह महीने से कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा बस्ती में आयोजित कराने के प्रयास में जुटे थे। बताया जा रहा है कि इस सिलसिले में उन्होंने कई बार संपर्क किया और कथा की तारीख तय कराने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं हो सकीं।
फेसबुक लाइव पर छलका दर्द
इसी से परेशान होकर उन्होंने जान देने की कोशिश की। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फेसबुक लाइव के दौरान गोविंद दास ने अपने प्रयासों का जिक्र करते हुए दावा किया कि वह एक महीने तक पैदल चलकर बागेश्वर धाम पहुंचे थे। उनका कहना था कि कथा आयोजन को लेकर उन्हें आश्वासन मिला था, लेकिन तारीख तय नहीं हो सकी।
लाइव के दौरान उन्होंने बीजेपी नेता मनीष मिश्रा का भी नाम लिया। बाबा के मुताबिक, नवंबर में मनीष मिश्रा की ओर से कथा कराने की बात कही गई थी। उन्होंने भावुक होकर अपील की कि यदि उनके न रहने पर भी कथा का आयोजन हो, तो मनीष मिश्रा इसे जरूर कराएं।
रिपोर्ट: इमरान अली

























