देहरादून। Summer Valley School में छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस और NSUI ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। NSUI छात्र नेता विनीत प्रसाद भट्ट ने आरोप लगाया कि शिक्षक पिछले एक साल से छात्रा को परेशान कर रहा था। छात्रा के परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन को शिकायत देने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद छात्रा को सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात रखनी पड़ी।
देहरादून के जाने माने समर वैली स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। NSUI छात्र नेता विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि छात्रा के आरोपों के अनुसार, शिक्षक उसके साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन को शिकायत मिलने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर को छात्रों ने स्कूल प्रबंधन को संयुक्त मांगपत्र भी सौंपा था। इसके बावजूद छात्रा और उसके परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस को शिकायत देकर उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने बताया कि समर वैली स्कूल से जुड़े मामले की जानकारी मिलने पर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की ओर से बच्चों की काउंसलिंग की गई। उन्होंने कहा कि छात्रा के परिजनों ने तहरीर दी है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रबंधन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के आरोपों को लेकर भी प्रशासन के संज्ञान में मामला आया है। गौरतलब है कि छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ मामले की शिकायत स्कूल प्रबंधन को दी गई थी, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी स्कूल प्रबंधन द्वारा आरोपी पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद पीड़ित छात्रा ने आपबीती सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए अब देहरादून प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन और आरोपी के विरुद्ध एक्शन लेने की बात कही है।
यह भी पढ़ें- शामली में गरजे ओवैसी, योगी और अखिलेश दोनों को घेरा






















