दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया (Datia) जिले में दबिश देने गई जालौन की पुलिस पर एक वृद्ध को लात मारकर छत से नीचे गिराने का गंभीर आरोप लगा है। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों का घेराव कर लिया। खुद को घिरता देख पुलिसकर्मी कार लेकर मौके से भागने लगे। इस दौरान कार से दो लोगों को टक्कर मारने का भी आरोप है। वहीं जिले की पुलिस घटना को हादसा करार देते हुए आरोपों को सिरे से नकार रही है।
दबिश देने गई थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, कोंच कस्बे की एक नाबालिग युवती को मध्य प्रदेश निवासी युवक भगा ले गया था। इसी मामले में कोंच पुलिस की टीम मध्य प्रदेश के उड़ीना गांव में दबिश देने पहुंची थी। युवक के मौके पर न मिलने पर पुलिस उसके वृद्ध पिता रामजी गोस्वामी को हिरासत में लेने का प्रयास कर रही थी।
इसी दौरान बुजुर्ग पुलिस से बचने के लिए छत पर चला गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे लात मारकर नीचे गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में कोंच की सागर चौकी पर तैनात एक दरोगा और तीन सिपाहियों पर आरोप लगाए गए हैं।
बुजुर्ग की मौत के बाद मौके से पुलिसकर्मी फरार
वहीं घटना के बाद गांव के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने पुलिस का घेराव करना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख पुलिसकर्मी कार दौड़ाते हुए मौके से भाग निकले। आरोप है कि इस दौरान पुलिस की कार ने दो लोगों को टक्कर भी मारी। पुलिसकर्मियों का घेराव और कार दौड़ाने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर जालौन एएसपी ईशान सोनी का कहना है कि कोंच की नाबालिग युवती को उनके ही परिवार के लोग भगा ले गए थे। जिसको लेकर मुकदमा पंजिकृत किया गया था।
युवक और युवती की तलाश के लिए कोंच पुलिस की टीम उडीना गांव में दबिश देने गई थी। इसी दौरान आरोपी का पिता रामजी निजी कार्य से छत पर गया हुआ था। जहां पैर फिसलने से वह नीचे जा गिरा और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया है।
रिपोर्ट: मुबीन खान
























