ग्रेटर नोएडा: दिल्ली से सटे यूपी के ग्रेटर नोए़डा (Greater Noida) में हत्या के मामले में वांछित बदमाश को एनकाउंटर के बाद जेवर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश शानू उर्फ शान मोहम्मद के पैर में लगी गोली लगी जिसके बाद वो पुलिस के हत्थे चढ़ा।
पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक,जफरगढ़-चांचली रोड के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि वह भागने लगा और पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू की जिसमें उसे पैर में गोली लग गई।
बदमाश ने हत्या को दिया था अंजाम
घायल बदमाश की पहचान शानू उर्फ शान मोहम्मद के रूप हुई जो जहांगीरपुर (गौतमबुद्ध नगर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह 7 अक्टूबर को जेवर क्षेत्र में इमरान (36) की गोली मारकर हत्या के मामले में वांछित था।
इसके अलावा, अलीगढ़ के रोरावर थाने में दर्ज एक मुकदमे में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट: नितिन चौधरी



























