Lucknow। के सआदतगंज इलाके में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते तिहरे हत्याकांड में बदल गया। गोलीबारी में तीन लोगों की जान चली गई। इसके बाद इलाके में गम और गुस्से का माहौल है। मृतकों के परिजनों ने तीनों शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। परिजन चाहते हैं कि आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए और उसका एनकाउंटर किया जाए। मृतक शिवा की बेटी को सरकारी नौकरी देने और पीड़ित परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग भी की गई है। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी बात नहीं सुनी जाती प्रदर्शन जारी रहेगा।
क्या है पूरा मामला
हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दस थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी। अधिकारी लगातार परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। इस बीच पुलिस महकमे पर भी कार्रवाई की गाज गिरी है। लापरवाही के आरोपों के बाद पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अगर समय रहते विवाद को गंभीरता से लिया जाता, तो शायद तीन लोगों की जान को बचाया जा सकता था। पुलिस अधिकारियों के निलंबन को इसी नाराजगी को शांत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
गम का माहौल
मृतकों के घरों में मातम पसरा है। एक साथ तीन अर्थियों ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया है। पड़ोसियों का कहना है कि मृतक शिवा की बेटी का भविष्य खराब हो चुका है उसे नौकरी सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। पुलिस प्रशासन कितनी तेजी से आरोपी पर शिकंजा कसता है, इसी से आगे की स्थिति तय होगी। पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है, ताकि बातचीत से रास्ता निकल सके। यह मामला सिर्फ एक हत्याकांड नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही की भी परीक्षा है। जनता चाहती है कि दोषी सिर्फ पकड़े ही न जाएं, बल्कि उन्हें ऐसी सजा मिले जो मिसाल बने। साथ ही यह भरोसा भी लौटे कि शिकायत करने पर समय पर कार्रवाई होगी।


























