कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर (Kushinagar) में एक रोडवेज बस बेकाबू हो गई और कई राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब डेढ़ दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी है। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पडरौना सरकारी बस स्टेशन से खाली बस संख्या UP 57 AT 1375 लेकर चालक अजित विश्वकर्मा कसया की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और सुभाष चौक पर लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद नगर के भीड़भाड़ वाले इलाके में पीड़ी मॉल के पास खड़ी कार से भी बस की टक्कर हो गई।
इसके बाद भी बस नहीं रुकी और छावनी मोहल्ले में कई जगहों पर राहगीरों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। इस दौरान एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पडरौना और रविंद्र नगर धूस थाने की पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जिला अस्पताल पहुंचे एएसपी
हादसे की जानकारी मिलने पर एएसपी सिद्धार्थ वर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पुलिस टीम के साथ घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुटे रहे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: राजकुमार गिरी/ प्रदीप यादव



























