नई दिल्ली: देश के चार राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की कुल 28 सीटों पर हुए विधान परिषद चुनाव (MLC Election) के नतीजे सामने आने लगे हैं जबकि कुछ सीटों पर अभी भी वोटों की गिनती चल रही है। उत्तर प्रदेश में जहां बीजेपी ने 11 सीटों पर हुए चुनाव में 5 सीटें जीत ली हैं वहीं वाराणसी स्नातक सीट पर पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है।
वाराणसी शिक्षक निर्वाचन सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने बीजेपी उम्मीदवार डॉक्टर प्रमोद कुमार सिंह को पटखनी दे दी है। यूपी के अन्य पांच सीटों पर अभी भी वोटों की गिनती चल रही है और रुझानों में बीजेपी-सपा के बीच टक्कर दिखाई दे रहा है।
बिहार में 30 साल बाद बीजेपी हारी, जनसुराज को मिली जीत
विधानसभा परिषद के चुनाव में सबसे हैरान करने वाला नतीजा बिहार से सामने आया है। इस चुनाव में बड़ा उलटफेर पटना स्नातक सीट पर हुआ है जहां 30 सालों बाद बीजेपी को हार का सामने करना पड़ा है। आरजेडी के प्रत्याशी डॉक्टर संजीव कुमार ने पांच बार एमएलसी रहे नवल किशोर यादव को मात दे दी है। वहीं प्रशांत किशोर की पार्टी को बड़ी खुशखबरी मिली है. दरभंगा शिक्षक सीट पर जनसुराज ने बाजी मार ली है और सुरेश प्रसाद राय ने शानदार जीत दर्ज की है।

बता दें कि बिहार विधान परिषद की 8 में से चार शिक्षक निर्वाचन सीटों का परिणाम सामने आ चुका है जबकि चार सीटों पर गिनती अभी भी चल रही है। तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी के नरेंद्र सिंह ने 600 वोटों के अंतर से विजय हासिल की है जबकि सारण सीट से बीजेपी के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज को जीत मिली है। तिरहुत स्नातक सीट पर गिनती जारी है और यहां से वंशीधर लीड बनाए हुए हैं। कोसी स्नातक सीट से बीजेपी प्रत्याशी एनके यादव ने जीत हासिल कर ली है।
महाराष्ट्र का नतीजा अभी नहीं आया सामने
महाराष्ट्र के नतीजे अभी सामने नहीं आए हैं और वहां के पांचों सीटों पर अभी भी वोटों की गिनती ही हो रही है। सबसे हैरान करने वाले नतीजे कर्नाटक से सामने आए हैं जहां सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस को चार में से किसी भी सीट पर जीत नहीं मिली है।
कर्नाटक में एक भी सीट नहीं जीत पाई कांग्रेस
बता दें कि कांग्रेस लगातार वोट चोरी का मुद्दा उठा रही है लेकिन एमएलसी चुनाव में उसे इसका फायदा मिलता हुआ नहीं दिखा और पार्टी कर्नाटक की चारों सीटों पर हार गई। इन चारों सीटों पर बीजेपी गठबंधन ने जीत हासिल की है। जेडीएस को एक सीट मिली है जबकि तीन पर बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। बेंगलुरु शिक्षक सीट से जेडीएस उम्मीदवार एपी रंगनाथ, उत्तर पूर्व शिक्षक सीट पर शशिल जी नामोशी ने शानदार जीत हासिल की है।
कांग्रेस का नहीं खुला खाता तो बीजेपी ने कसा तंज
चार राज्यों की 28 सीटों पर हो रहे एमएलसी इलेक्शन में कांग्रेस के एक भी सीट नहीं जीत पाने पर अब बीजेपी ने तंज कसा है। बीजेपी प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर झूठ के आधार पर बड़ा मुद्दा बनाया, इस चुनाव के नतीजों ने उनकी इस कोशिश को झटका दिया है। देश के अलग-अलग राज्यों में एमएलसी चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल



























