मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी (Mainpuri) में पति-पत्नी के बीच विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे। छह महीने पहले जिस महिला ने सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की थी, वही महिला आज जमीन पर लोहे की जंजीरों में जकड़ी बैठी नजर आई।
घिरोर कस्बे का मामला
दरअसल ये पूरा मामला घिरोर कस्बे के ताहरपुर रोड का है। यहां सचिन और उसकी पत्नी लाली के बीच शादी के बाद ही विवाद शुरू हो गया। पति सचिन का आरोप है कि पत्नी ने फांसी लगाकर जान देने की धमकी दी थी। इसी आशंका के चलते उसने पत्नी को लोहे की जंजीरों से बांध दिया।
हैरानी की बात यह है कि महिला जंजीरों में जकड़ी जमीन पर बैठी रही और मायके और ससुराल के लोग घंटों पंचायत करते रहे। इस दौरान किसी ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि एक महिला को पशुओं की तरह जंजीरों में बांधकर रखना कहां तक सही है?
पुलिस ने महिला को जंजीर से मुक्त कराया
घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को जंजीरों से मुक्त कराया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग उसे अपने साथ ले गए। यहां सवाल सिर्फ पति-पत्नी के विवाद का नहीं है, बल्कि इंसानियत और मानवीय संवेदनशीलता का भी है. अगर किसी को आत्महत्या का खतरा था तो उसे सुरक्षा और मदद की जरूरत थी, जंजीरों की कैद की नहीं!
रिपोर्ट: शशिकांत मिश्रा


























