आजमगढ़: यूपी के आजमगढ़ (Azamgarh) में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर की छत की ढलाई की तैयारी के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आकर काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। तीसरे मजदूर को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर की छत पर स्लैब डालने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक शटरिंग ढह गई और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों मजदूरों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में दो लोगों की हालत गंभीर
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉक्टर विपिन कुमार के अनुसार, हादसे में घायल राजाराम राजभर (30 साल) निवासी आजमगढ़ को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। वहीं कमलेश चौहान (23 वर्ष) के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। तीसरे मजदूर अरुण चौहान (35 वर्ष) को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। शटरिंग गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
रिपोर्ट: रमावतार उपाध्याय


























