गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ STF को बड़ी कामयाबी मिली है। लखनऊ STF की टीम ने खोराबार थाना क्षेत्र में लखनऊ हाइवे पर रामनगर कजाकी के पास एक पेट्रोल पंप से अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।
323 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के बाड़मेर निवासी थानाराम के रूप में हुई है। STF ने आरोपी के कब्जे से 323 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, एक ट्रक और मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद शराब की खेप पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी। तस्करी के लिए फर्जी ई-वे बिल का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश STF को अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीएसपी धर्मेश कुमार शाही के नेतृत्व में STF गोरखपुर की टीम तस्करों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 2 नवंबर की सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर खोराबार क्षेत्र के रामनगर कजाकी स्थित गणेश ढाबा पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़ा मिला।
शराब तस्कर भी गिरफ्तार
तलाशी लेने पर ट्रक में भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। टीम ने मौके से चालक थानाराम को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब में 750 एमएल की 104 पेटी, 180 एमएल की 115 पेटी और 375 एमएल की 104 पेटी शामिल बताई गई हैं। आरोपी ने पूछताछ में शराब को पंजाब से बिहार ले जाने की बात स्वीकार की।
STF के मुताबिक, शराब की तस्करी के लिए फर्जी ई-वे बिल तैयार किया गया था, ताकि किसी को संदेह न हो। इस मामले में खोराबार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 526/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार



























