देवरिया: यूपी के देवरिया (Deoria) में आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर भटनी थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रौली में एसडीएम सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी और पुलिस बल ने अवैध पटाखों के गोदाम पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक गोदाम में भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। जब प्रशासनिक अधिकारियों ने पटाखों के भंडारण से संबंधित लाइसेंस और अनुमति पत्र मांगे तो कारोबारी द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
30 से 35 क्विंटल पटाखे जब्त
इसके बाद प्रशासन ने मौके से करीब 30 से 35 क्विंटल पटाखे जब्त कर लिए। मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इसी गोदाम में खाद्य पदार्थों के भंडारण को लेकर खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने भी छापेमारी की। जांच के दौरान बिस्कुट, रस्क, नमकीन और क्रीम रोल का भंडारण पाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक कारोबारी के पास केवल दुकान पर बिक्री का लाइसेंस था, जबकि गोदाम में खाद्य पदार्थों के भंडारण का लाइसेंस नहीं था। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों और नियमों को ताक पर रखकर खाद्य पदार्थों का भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट – कृष्णा नन्द गुप्ता




























