ग्रेटर नोएडा: यूपी के जेवर (Jewar) में पिछले महीने हुई युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अस्पताल में उपचार कराने के बाद जेल भेज दिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शेर उर्फ शेर मोहम्मद और मोहसिन खान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बुलंदशहर और जेवर के रहने वाले हैं। इन दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पिछले महीने 8 अक्टूबर को बीच बाजार में इमरान नाम के युवक की दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे। वारदात के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस से हुई मुठभेड़
देर रात जेवर के झाझर रोड पर पुलिस रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश रुकने के बजाय बाइक पीछे मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाश शेर उर्फ शेर मोहम्मद और मोहसिन के पैर में गोली लग गई। दोनों बदमाश घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और बाइक बरामद की है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
डेढ़ दशक से चल रही थी पुरानी साजिश
इस मामले में पुलिस अब तक दो महिलाओं समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले करीब डेढ़ दशक से पुरानी रंजिश चली आ रही है।
इस रंजिश में अब तक दोनों पक्ष के लगभग 8 लोगों की जान जा चुकी है। बीते दिनों इसी रंजिश के चलते इमरान नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका था। दोनों पक्षों के बीच एक-दूसरे से बदला लेने के चलते यह खूनी रंजिश लगातार बढ़ती जा रही थी। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में अब तक दो महिलाओं समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
रिपोर्ट: यूनुस आलम

























