वाराणसी: धर्म और संस्कृति की रक्षा के संकल्प के साथ काशी (Kashi) में तीन दिवसीय संस्कृति संसद-2026 का आगाज हो गया है। सिगरा स्थित रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित उद्घाटन सत्र में देशभर से जुटे संतों, महामंडलेश्वरों और धर्माचार्यों ने सनातन धर्म, गो-रक्षा, गुरुकुल परंपरा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को लेकर अपने विचार रखे।
ज्योतिषपीठाधीश्वर स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने गोमाता की रक्षा के लिए कानून बनाने की मांग उठाई, वहीं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्रपुरी जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के खिलाफ होने वाले षड्यंत्रों का मुकाबला करने के लिए संत समाज एकजुट है।
गोरक्षा के लिए कानून बनाने की मांग
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कर रहे स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने कहा कि गो, गंगा और गीता भारतीय संस्कृति के प्रमुख आधार हैं। गाय केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आधारशिला है। उन्होंने 1962 में करपात्री जी महाराज के नेतृत्व में हुए गो-रक्षा आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि गोमाता के संरक्षण के लिए प्रभावी कानून बनाए जाने चाहिए।
उन्होंने समाज और सरकार दोनों से इस दिशा में पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति पर हो रहे हमलों से समाज को जागरूक करने के लिए संस्कृति संसद जैसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्रपुरी जी महाराज ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और अखिल भारतीय संत समिति का प्रयास रहा है कि देशभर का संत समाज भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए एक मंच पर आए।
संस्कृति संसद के माध्यम से यह प्रयास साकार हुआ है। इसमें देश के अलग-अलग पंथों और परंपराओं के संत शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि संत समाज ने हमेशा भारतीय संस्कृति की रक्षा की है और आगे भी सनातन धर्म के खिलाफ होने वाले षड्यंत्रों का मुकाबला करेगा।
अखिल भारतीय संत समिति और गंगा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के खिलाफ कई तरह की चुनौतियां सामने आ रही हैं।
उन्होंने दिल्ली और जंतर-मंतर पर चल रही गतिविधियों को लेकर राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि संत समाज को धर्म और संस्कृति के विरोध में सक्रिय शक्तियों के प्रति सजग रहना होगा। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।
गुरुकुल और संस्कार केंद्रों पर जोर
कथावाचक आचार्य सुधांशु जी महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए गुरुकुलों और संस्कार केंद्रों का विस्तार जरूरी है। उन्होंने अंग्रेजों के दौर में गुरुकुल परंपरा को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की जरूरत बताई। जेन जी के मुद्दे पर उन्होंने युवाओं की चिंताओं को समझने और उनके विरोध को केवल नकारात्मक नजरिये से नहीं देखने की बात कही।
देशभर से पहुंचे 1500 संत और धर्माचार्य
संस्कृति संसद का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन जनार्दन हरि जी ने किया। इस अवसर पर जगद्गुरु अविचलदेवाचार्य, चंपत राय, महामंडलेश्वर मनमोहन दास, प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी, प्रो. रामचंद्र पांडेय और डॉ. रामनारायण द्विवेदी सहित अनेक प्रमुख संत और विद्वान मौजूद रहे।
रिपोर्ट: हरेंद्र

























