गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में इंसानी जिंदगी बचाने वाले खून का ही काला कारोबार किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामगढ़ताल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने एक कार से 100 यूनिट ब्लड बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, खून की यह खेप मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से लाई जा रही थी, जिसे गोरखपुर के आरोग्य ब्लड बैंक में सप्लाई किया जाना था। आरोप है कि गिरोह सस्ते दामों पर ब्लड लेकर अलग-अलग ब्लड बैंकों में ऊंचे दामों पर बेचता था। भगत चौराहे के पास घेराबंदी कर यूके नंबर की ऑल्टो कार को रोका गया। तलाशी में पिछली सीट और डिक्की से 100 ब्लड बैग बरामद हुए।
ब्लड बैंक में सप्लाई किया जाना था खून
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फहीम अहमद और ताज गुड्डू के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने बीएनएस और औषधि-प्रसाधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अब सवाल यह है कि आखिर ब्लड की इतनी बड़ी खेप किन परिस्थितियों में एक शहर से दूसरे शहर लाई जा रही थी? क्या संबंधित ब्लड बैंक के पास इसके परिवहन और सप्लाई की वैध अनुमति थी? और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है?
मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर रामगढ़ताल पुलिस और औषधि विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। भगत चौराहे के पास एलआईसी कार्यालय के नजदीक कार की तलाशी ली गई। पिछली सीट पर रखे डिब्बों से 40 और डिक्की में रखे थर्मोकॉल के डिब्बों से 60 ब्लड बैग बरामद किए गए। औषधि विभाग ने दोनों डिब्बों से एक-एक यूनिट का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया है।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा से जुड़े तस्करों के तार
पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क के तार राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक जुड़े हो सकते हैं। मामले में अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। अब पुलिस और औषधि विभाग की जांच इस बात पर केंद्रित है कि बरामद ब्लड कहां से आया, उसकी गुणवत्ता और वैधता क्या थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























