Gorakhpur: दो दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन के सामने साफ संदेश रखा। उन्होंने कहा कि जो नेता बीते दस वर्षों से किसी पद या दायित्व से दूर हैं, उनसे व्यक्तिगत संपर्क किया जाए और उन्हें चुनावी मैदान में अग्रिम मोर्चे पर उतारा जाए। बैठक में नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी की असली पूंजी वे लोग हैं, जिन्होंने कठिन दौर में संगठन को खड़ा किया। समय के साथ उनकी भूमिका भले सीमित हो गई हो, पर उनका अनुभव आज भी उतना ही कीमती है। उन्होंने नसीहत दी कि पुराने पदाधिकारियों के अनुभव का भरपूर लाभ उठाया जाए। उनके अनुसार, जिन्होंने कभी बूथ से लेकर जिले तक संगठन की जड़ें सींची हैं, उन्हें चुनावी रणनीति से अलग रखना किसी भी तरह उचित नहीं है।
अपने संबोधन में उन्होंने अतीत और वर्तमान के मेल से जीत का ‘नवीन सूत्र’ पेश किया। इसका सार यह था कि नई पीढ़ी का जोश और पुरानी पीढ़ी का तजुर्बा जब एक साथ चलते हैं, तो कोई भी चुनौती छोटी पड़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया कि संगठन में हर व्यक्ति की अपनी भूमिका है और किसी को भी उपेक्षित महसूस नहीं होना चाहिए। इस सूत्र में उन्होंने असंतोष या निष्क्रियता के लिए कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी। नितिन नवीन ने दो टूक कहा कि नाराजगी का समाधान संवाद से होगा, घर बैठने से नहीं। जो लोग किसी कारण से अलग-थलग पड़ गए हैं, उन तक पदाधिकारी स्वयं पहुंचें, उनकी बात सुनें और उन्हें सम्मान के साथ दोबारा संगठन की मुख्यधारा में लाएं। साथ ही उन्होंने सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी चेताया कि पद पर बैठकर निष्क्रिय रहना स्वीकार्य नहीं होगा। काम करने वालों को ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
प्रवास के दौरान उन्होंने संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क बनाने, घर-घर संपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि चुनाव केवल प्रत्याशी या नेतृत्व के भरोसे नहीं जीते जाते, बल्कि हर कार्यकर्ता की भागीदारी से जीते जाते हैं। गोरखपुर को भाजपा के लिए सांगठनिक और वैचारिक दृष्टि से अहम माना जाता है, इसलिए यहां से दिए गए संदेश के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। पार्टी के भीतर माना जा रहा है कि पुराने चेहरों को फिर सक्रिय करने की यह कवायद संगठन में संतुलन बनाएगी और नाराज कार्यकर्ताओं को जोड़ने में मददगार साबित होगी।
यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर पशुपालकों को मिलेंगे 8 लाख रुपये

























