Shahajanpur: गंगा एक्सप्रेसवे पर बीती देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्लीपर बस के कंडक्टर और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बस में आई खराबी की जांच करने के लिए नीचे उतरे थे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात करीब 10:50 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 257.4 की है। बिहार के औरंगाबाद से झारखंड के हजारीबाग जा रही स्लीपर बस संख्या BR02PB3544 दिल्ली के आनंद विहार से रवाना हुई थी। रास्ते में बस के साइड वाले शीशे से किसी वस्तु के टकराने की आवाज आने पर चालक ने बस को एक्सप्रेसवे किनारे रोक दिया। इसके बाद बस के कंडक्टर विपिन यादव (50 वर्ष), निवासी औरंगाबाद, बिहार और हेल्पर कौशल शाव (35 वर्ष), निवासी गया, बिहार बस से उतरकर साइड की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। Shahajanpur
सूचना मिलने पर थाना परशुरामपुरी के प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद पहुंचाया गया। पुलिस ने सीएचसी से प्राप्त मेमो के आधार पर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू करा दिया गया है,मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य है,अज्ञात ट्रक की तलाश और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। Shahajanpur
यह भी पढ़ें- Govardhan Puja 2026: गाय और बैलों का शृंगार क्यों किया जाता है? जानें पौराणिक मान्यता और धार्मिक महत्व

























