नोएडा: दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा (Noida) में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ऑनलाइन ऐप के माध्यम से अवैध गांजे की बिक्री और तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कार में भरकर ले जाया जा रहा 55 किलो 417 ग्राम गांजा बरामद किया है।
गांजे की ऑनलाइन डिलीवरी
पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो ओडिशा और अन्य राज्यों से सस्ते दामों में अवैध गांजा खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसकी डिलीवरी किया करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से ऑनलाइन डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाले रैपर भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
55 किलो 417 ग्राम बरामद
बिसरख पुलिस ने इस मामले में आलम खान, वसीम और लक्ष्य को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आपस में दोस्त हैं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म टेलीग्राम समेत अन्य माध्यमों से गांजा खरीदने वाले ग्राहकों की जानकारी जुटाकर उन्हें ऑनलाइन डिलीवरी के माध्यम से फल-सब्जी की तरह गांजा उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 55 किलो 417 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, गिरोह का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी पुलिस से बचने के लिए कैब चालक की ड्रेस पहनकर गाड़ी चलाते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। इसके बाद कार में अवैध गांजा भरकर उसकी तस्करी और बिक्री के लिए निकलते थे। बिसरख थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को क्षेत्र के गोल्डन ग्रैंड रोड से गिरफ्तार कर लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 55 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से लाई गई थी नशे की खेप
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा और अन्य राज्यों से सस्ते दामों पर अवैध गांजा खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में ऑनलाइन चैनलों के माध्यम से ग्राहकों की तलाश करते थे। इसके बाद ग्राहकों से संपर्क कर उनके बताए पते पर गांजे की डिलीवरी किया करते थे। फिलहाल पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मुख्य आरोपी के अलावा इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट: युनूस आलम

























