मथुरा: यूपी के मथुरा (Mathura) में प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में गोवर्धन पूजा का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। मंदिर परिसर गिरिराज महाराज के जयकारों से गूंज उठा और हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर परिक्रमा की।
दीपावली के अगले दिन मथुरा के पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के श्री द्वारकाधीश मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। दूर-दराज से आए हजारों भक्त गिरिराज महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे।
गाय के गोबर से तैयार हुआ विशाल स्वरूप
मंदिर परिसर के चौक में गाय के गोबर से गिरिराज महाराज का विशाल स्वरूप तैयार किया गया, जिसे आकर्षक ढंग से सजाया गया। सेवादारों ने विशेष मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
गोवर्धन पूजा के लिए गाय के गोबर से गिरिराज महाराज का विशाल स्वरूप तैयार किया गया है। विशेष मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए।
हजारों श्रद्धालुओं ने की परिक्रमा
पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने पुष्प, दीप और पूजन सामग्री अर्पित कर गिरिराज महाराज की परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। गोवर्धन पूजा सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और गोवंश के प्रति आस्था का प्रतीक है, जिसे मथुरा में हर साल श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
रिपोर्ट: दीपक

























